मथुरा।श्रीधाम वृंदावन में सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्री मृदुल कांत शास्त्री जी के साथ हुई अभद्रता के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी ने इस घटना को न केवल एक व्यक्ति विशेष के साथ दुर्व्यवहार, बल्कि संपूर्ण संत समाज और ब्रजभूमि की आस्था पर सीधा आघात बताया है।भाजपा नेताओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक छवि को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि की पहचान उसकी धार्मिक गरिमा और संत परंपरा से है, जिसे किसी भी स्थिति में आहत नहीं होने दिया जाएगा।

भाजपा मथुरा महानगर के जिलाध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी संत समाज के सम्मान और ब्रज की मर्यादा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।उन्होंने प्रशासन से इस मामले में त्वरित और न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो जनभावनाओं में आक्रोश बढ़ सकता है।























