आगरा। आगरा रेल मंडल ने मंगलवार सुबह से अर्जुन नगर स्थित रेलवे फाटक नंबर 75A (बारह खम्भा फाटक) को तीन दिन के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार फाटक पर रेलवे ट्रैक और गेट मैकेनिज़्म का महत्वपूर्ण मरम्मत कार्य किया जाना आवश्यक है। इसी कारण 18 नवंबर की सुबह 6 बजे से 20 नवंबर रात 8 बजे तक यहां से किसी भी प्रकार का आवागमन संभव नहीं होगा।
आज सुबह से फाटक बंद होने के बाद से हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग अर्जुन नगर, खेरिया मोड़, ईदगाह और छऊआ नगला, शाहगंज क्षेत्र के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण है और यहां से रोज़ाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। फाटक बंद होने के कारण यात्रियों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ गई है।
रेलवे ने जताया खेद, सुझाए वैकल्पिक मार्ग
रेलवे विभाग ने जनता से असुविधा के लिए खेद जताते हुए अपील की है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक लोग खेरिया पुल – ईदगाह – छऊआ नगला मार्ग का उपयोग करें। अधिकारियों ने बताया कि यह मरम्मत कार्य रेलवे सुरक्षा के मद्देनजर अत्यंत आवश्यक है और फाटक को बंद किए बिना इसे पूरा नहीं किया जा सकता है।
मरम्मत के बाद मिलेगा सुरक्षित आवागमन
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फाटक नंबर 75A पर तकनीकी मरम्मत से भविष्य में हादसों की संभावना कम होगी और गेट की कार्यप्रणाली और अधिक सुरक्षित व सुचारू हो जाएगी। मरम्मत कार्य समय पर पूरा हुआ तो 20 नवंबर की रात 8 बजे के बाद फाटक दोबारा खोल दिया जाएगा।





