आगरा। आगरा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए थाना शाहगंज क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। फायरिंग के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो शातिर आरोपियों सारिक और सैय्यद अनस अली को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए शाहगंज इंस्पेक्टर वीरेश गिरी ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग का मामला दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के नाम सामने आए। लगातार दबिश और रणनीतिक निगरानी के बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी में एक .315 बोर तमंचा (दो जिंदा कारतूस सहित), एक .32 बोर तमंचा (एक जिंदा कारतूस सहित) और घटना में इस्तेमाल स्कूटी शामिल है। इस आधार पर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की अतिरिक्त धाराएं लगाई गई हैं।
जांच में सामने आया कि सैय्यद अनस अली का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद गंभीर है। 2014 से लगातार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने के कई मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वहीं सारिक भी लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। दोनों लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैला रहे थे।
पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विरेश पाल गिरि के नेतृत्व में टीम ने अंजाम दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य सह-आरोपियों या संबंधित गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
यह गिरफ्तारी आगरा पुलिस की अपराध नियंत्रण में सक्रियता का प्रमाण है, जो हाल के महीनों में कई एनकाउंटर और गिरफ्तारियों से साफ दिख रही है।





