आगरा: उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने आगरा मेट्रो परियोजना के प्रथम कॉरिडोर के निर्माण में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। यात्री सेवाओं के शीघ्र विस्तार के लक्ष्य के साथ चल रहे कार्य के तहत शेष ऐलिवेटेड सेक्शन की सभी 722 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
ऐलिवेटेड सेक्शन पर तेजी से काम
प्रथम कॉरिडोर के खंदारी स्थित आरबीएस रैंप से सिकंदरा तक के ऐलिवेटेड हिस्से में कुल 722 पाइल, 152 पाइलकैप और 152 पियर प्रस्तावित हैं। ताजा प्रगति के अनुसार 148 पाइलकैप और 138 पियर का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
संरचनात्मक कार्यों के तहत अब तक 102 पियरकैप और 180 यू-गर्डर स्थापित किए जा चुके हैं। इस सेक्शन में कुल 131 पियरकैप और 272 यू-गर्डर लगाए जाने हैं।
कास्टिंग यार्ड में जारी प्री-कास्ट कार्य
निर्माण कार्य की गति बनाए रखने के लिए अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू-गर्डर और अन्य प्री-कास्ट स्ट्रक्चर की कास्टिंग लगातार जारी है, जिससे साइट पर इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भूमिगत सेक्शन का कार्य भी अंतिम चरण में
गौरतलब है कि आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर पर ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक यात्री सेवाएं पहले से संचालित हैं। शेष भूमिगत सेक्शन में टनल निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। अब ट्रैक बिछाने और इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग तथा टेलीकॉम सिस्टम से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं।
स्टेशनों पर फिनिशिंग कार्य जारी
इस कॉरिडोर के चारों भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का सिविल निर्माण पूरा हो चुका है। वर्तमान में स्टेशनों पर आर्किटेक्चरल फिनिशिंग, प्लेटफॉर्म डेवलपमेंट और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
यूपी मेट्रो का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष कॉरिडोर को भी यात्रियों के लिए खोल दिया जाए, जिससे आगरा को आधुनिक और सुगम शहरी परिवहन व्यवस्था मिल सके।

