फतेहपुर सीकरी/आगरा। कस्बे के बस स्टैंड स्थित गांधी मूर्ति के समीप बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम लगभग 4 बजे दाउदपुर से चलकर फतेहपुर सीकरी पहुंची रोडवेज बस बस स्टैंड से आगरा के लिए रवाना हो रही थी।
बताया गया कि जैसे ही बस बस स्टैंड गेट से बाहर निकली, इसी दौरान किसी तकनीकी कारणवश बस पर नियंत्रण नहीं हो सका और बस सामने खड़े फल व सब्जी के ठेलों से टकरा गई। हादसे में फल विक्रेता काले तथा गांधी मूर्ति के समीप खिलौने बेच रहे विनोद पुत्र ओम के ठेलों को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना के अनुसार संबंधित बस का नंबर UP 85 AT 7208 बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
रिपोर्ट – दिलशाद समीर

