सुमावली और बानमौर मंडल में दो दिवसीय शिविर संपन्न, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन और सेवा का संदेश
मुरैना/मप्र । भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत सुमावली एवं बानमौर मंडल में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। उद्घाटन सत्र में चंबल संभाग प्रभारी डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाना ही संगठन का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आवास, आयुष्मान, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को अंत्योदय की भावना का सशक्त उदाहरण बताया।
कार्यकर्ताओं की पहचान—अनुशासन, समर्पण और सेवा
भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन बनी है। वहीं संभाग प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया ने भाजपा की कार्यपद्धति को विचारधारा, संगठन, सेवा और तकनीक का संतुलित मिश्रण बताते हुए इसे अन्य दलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
वरिष्ठ नेताओं ने किया मार्गदर्शन
शिविर में पूर्व मंत्री मुंशीलाल, केदार सिंह यादव, रामनरेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विनोद जादौन और गोविंद बंसल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























