फतेहाबाद/आगरा । बमरौली कटारा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 6,000 रुपये नकद, एक अदद कोन्दनी (सफेद धातु), एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी पाजेब, एक अवैध तमंचा 12 बोर मय दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन श्री अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नवामील चौराहे से अभियुक्त दीनदयाल पुत्र सत्यभान निवासी ग्राम कछपुरा थाना डौकी को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 5 नवंबर 2025, 24 फरवरी 2026 एवं 26 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर घरों के ताले तोड़कर नगदी व आभूषण चोरी किए गए थे, जिनके संबंध में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। पूछताछ में अभियुक्त ने ग्राम सीताराम की मढ़ैया, बिझामई तथा पवावली में चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। चोरी के कुछ आभूषण उसने राह चलते व्यक्ति को बेच दिए थे तथा कुछ नकदी शराब में खर्च कर दी।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है तथा अवैध असलाह बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हरीश शर्मा, उ0नि0 विश्वजीत राणा, उ0नि0 कुलदीप कुमार, है0का0 आशुतोष सिंह व का0 शुभम सारस्वत शामिल रहे।
🔹सुशील गुप्ता





