रिपोर्ट 🔹मुकेश शर्मा

बाह/आगरा। जनपद आगरा में बाह क्षेत्र के शिक्षा रूपांतरण के अग्रदूत और भदावर कॉलेज के संस्थापक बनबारी लाल तिवारी की जयंती शताब्दी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 1 जुलाई को भदावर कॉलेज प्रांगण में आयोजित होने जा रहे इस एक दिवसीय समारोह में बाह तहसील का समूचा प्रबुद्ध वर्ग पुष्पांजलि अर्पित करेगा।

बीहड़ से शिक्षा के महायज्ञ तक: बनबारी लाल तिवारी की प्रेरणादायक यात्रा

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बनबारी लाल तिवारी ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में जेल यात्रा के दौरान यह संकल्प लिया था कि वह बाह क्षेत्र को अशिक्षा से मुक्त कर शिक्षा का केंद्र बनाएंगे। उन्होंने भदावर कॉलेज की स्थापना कर कक्षा तीन से दसवीं तक की पढ़ाई सुलभ कराई। शिक्षा के इस दीप को जलाते हुए उन्होंने 1985 तक कॉलेज को महाविद्यालय का दर्जा दिलाने तक अथक सेवा दी।

1 जुलाई को इस तरह होगा आयोजन

सुबह 10 बजे बनबारी लाल तिवारी की प्रतिमा को स्नान करा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद कॉलेज सभागार में जयंती शताब्दी समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रबुद्ध शिक्षकों, पूर्व प्राचार्यों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर उनके समकालीन साथी और तत्कालीन छात्र भी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि समारोह में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता विजय सिंह चौहान को “बनबारी लाल तिवारी 2025 अवार्ड” से नवाज़ा जाएगा।

गौरवशाली अतिथि: न्यायपालिका, प्रशासन और शिक्षा जगत के प्रतिनिधि इस ऐतिहासिक आयोजन में निम्न प्रमुख शख्सियतों को आमंत्रित किया गया है:

  • मा. विनोद मिश्रा, पूर्व न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय
  • औम प्रकाश शर्मा, पूर्व सचिव, संस्कृत बोर्ड भोपाल
  • पी.एल. शर्मा एवं प्रवीण चौहान, शिक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ नाम
  • हेमंत तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार
  • डा. रामरोपाल शर्मा, हिंदी जगत के यशस्वी विद्वान
  • डा. कृष्ण सिंह राणा, पूर्व कुलपति, रुहेलखंड और कुमाऊं विश्वविद्यालय — होंगे मुख्य वक्ता

राज्यपाल की शुभकामनाएं

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन बिहार में पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण वह सम्मिलित नहीं हो सकेंगे। राजभवन से प्राप्त सूचना के अनुसार, उन्होंने आयोजन की सफलता और बनबारी लाल तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शुभकामनाएं भेजी हैं।

संयुक्त पत्रकार वार्ता में दी गई जानकारी

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मेहंद कुमार, प्रबंध समिति सदस्य शंकर देव तिवारी, आशुतोष नेहरू, अरुण दुबे, और मुकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता में इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।


Exit mobile version