सोनभद्र। जिले में रामलीला मंचन के दौरान हुआ एक हादसा अब गंभीर कानूनी विवाद का रूप ले चुका है। राम–रावण युद्ध के दृश्य में चलाया गया तीर मुकुट गिराने के बजाय रावण की भूमिका निभा रहे कलाकार की आंख में जा लगा। इलाज के बाद घायल कलाकार ने राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार समेत अन्य लोगों पर एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
यह घटना शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2025 को गांव में रामलीला के अंतिम दिन राम–रावण युद्ध का मंचन चल रहा था। इसी दौरान राम का किरदार निभा रहे नैतिक पांडेय को मंचीय दृश्य के अनुसार तीर से रावण का मुकुट गिराना था, लेकिन निशाना चूक गया और तीर सीधे रावण की भूमिका निभा रहे सुनील कुमार की बाईं आंख में जा लगा।
मंच पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मंच पर अफरा-तफरी मच गई। सुनील कुमार की आंख से खून बहने लगा, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी एक आंख की रोशनी चली गई।
पीड़ित के गंभीर आरोप
पीड़ित सुनील कुमार का आरोप है कि हादसे के बाद उन्हें पर्याप्त सहायता नहीं मिली। उनका कहना है कि जब उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग की, तो उनके साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी दी गई। डॉक्टरों की सलाह और इलाज के कारण वे तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। इसके बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में तहरीर दी गई, जिस पर 28 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़ित के अनुसार, अब उनकी एक आंख पूरी तरह खराब हो चुकी है और दूसरी आंख से भी साफ दिखाई नहीं देता। डॉक्टरों ने उन्हें अधिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इस हादसे के बाद वे भविष्य में रामलीला मंचन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
आरोपी कलाकार का पक्ष
वहीं, राम की भूमिका निभाने वाले नैतिक पांडेय ने पूरे मामले को दुर्घटना बताया है। उनका कहना है कि तीर ऊपर की दिशा में चलाया गया था और किसी को चोट पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि वे पहली बार इस रामलीला में शामिल हुए थे और घायल कलाकार से उनका पहले कोई परिचय नहीं था।
पुलिस जांच जारी
इस संबंध में सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि तीर मंचीय दृश्य के तहत मुकुट गिराने के लिए चलाया गया था और दोनों कलाकारों के बीच पहले से कोई विवाद नहीं था। रामलीला कमेटी द्वारा घायल कलाकार के इलाज की व्यवस्था कराने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

