• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। साइबर ठगों द्वारा लगातार बुजुर्गों को ठगी का निशाना बनाया जा रहा है। विगत दिवस बुंदू कटरा क्षेत्र के बुजुर्ग से बारह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया था, रविवार को शाहगंज निवासी 77 वर्षीय कृष्ण गोपाल शर्मा से करीब 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। शर्मा को बीटीसी/क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर भारी मुनाफे का लालच देकर जाल में फंसाया गया।
खबरों के अनुसार, कृष्ण गोपाल शर्मा की फेसबुक मैसेंजर पर ‘अन्ना’ नाम की आईडी से दोस्ती हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित निवेश कंपनी से जुड़ा बताया और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेडिंग कंपनी मोर्गन स्टेनले का नाम लेकर भरोसा जीता। धीरे-धीरे आरोपी ने उन्हें क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया और भारी रिटर्न का झांसा दिया।
बताया गया है कि आरोपियों ने पीड़ित से http://bikingtrade.guru नामक फर्जी लिंक के जरिए ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। इसके बाद उन्हें Binance पर क्रिप्टो वॉलेट बनाने के लिए कहा गया।
यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए अक्टूबर 2024 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये ट्रांसफर कराए गए। कुछ समय बाद पीड़ित के ट्रेडिंग अकाउंट में 39,588 अमेरिकी डॉलर का बैलेंस दिखाया गया, जिससे उन्हें विश्वास हो गया कि निवेश सफल हो रहा है। लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो ‘TRX20 चैनल चार्ज’, टैक्स और वेरिफिकेशन फीस के नाम पर लगातार अतिरिक्त पैसे मांगे जाने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि ‘अन्ना’ के अलावा मिया, मैरी, विलियम और सैफ नाम से भी अलग-अलग लोग संपर्क में रहे। हर बार नए बहाने से रकम मांगी गई। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक करीब 60 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।























