अलीगढ़ | जिला नजर |संजय भारद्वाज
अलीगढ़ कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन की वार्षिक सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन आगरा रोड स्थित होटल क्लार्कस इन अलीगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में एसोसिएशन ने बढ़ती लागतों को ध्यान में रखते हुए आलू भाड़े में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री बलजीत सिंह (उपनिदेशक, अलीगढ़ मंडल), श्री सुनील कुमार (जिला उद्यान अधिकारी, अलीगढ़), श्री अनिल चौधरी (सर्किल हेड, पंजाब नेशनल बैंक) एवं श्री राजेश कुमार पांडे (डिप्टी सर्किल हेड, पंजाब नेशनल बैंक) का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया।
बैठक का संचालन करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष गिर्राज गोदानी ने कहा कि इस वर्ष पूरे भारत सहित उत्तर प्रदेश में आलू की फसल लगभग 10 से 15 प्रतिशत अधिक हुई है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि का जिक्र करते हुए बताया कि इससे शीतगृह उद्योग पर भी प्रभाव पड़ा है। पिछले तीन वर्षों में संचालन लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान बारदाना, खाद, दवाइयों और मजदूरी की बढ़ी लागत को सहन करता है, लेकिन जब आलू के भाड़े में बढ़ोतरी की बात आती है तो विरोध शुरू हो जाता है। शीतगृह लंबे समय तक किसानों का आलू सुरक्षित रखते हैं, ऐसे में बढ़े हुए खर्चों को देखते हुए भाड़े में समायोजन आवश्यक है। उन्होंने किसान और शीतगृह स्वामी के संबंध को चोली-दामन जैसा बताते हुए कहा कि एक-दूसरे के बिना दोनों का अस्तित्व अधूरा है।
एसोसिएशन ने अन्य जिलों व प्रदेशों की दरों के अनुरूप भाड़ा बढ़ाने का फैसला लिया, ताकि शीतगृह उद्योग को संतुलित और मजबूत रखा जा सके। यह निर्णय किसानों और उद्योग के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर रजनी सिंह, राकेश कुमार बंसल, अशोक कुमार, सतेंद्र कुमार, चौ. कल्याण सिंह, धर्मेंद्रपाल सिंह, सुधीर चौधरी, आर.के. जैन, अजय कुमार, तनुज, अजय कुमार जैन, राजेंद्र प्रसाद, नीरज महेश्वरी, संजय कुमार, डॉ. शैलेंद्र पाल सिंह, धीरज सिंह, बल्लभ चौधरी, जितेंद्र अवस्थी, कुलदीप कुमार, गोविंद गौतम, जयपाल सिंह, शलभ अग्रवाल, योगेंद्र पाल सिंह, दिनेश चंद्र वर्मा, मनीष गौड़, एम.आर. शर्मा, देवेश गुप्ता, पुलकित अग्रवाल, मनोज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





