दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 22वां वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. गीता प्रकाश ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अरुणा त्रिपाठी ने कहा कि यह आयोजन वर्षभर की मेहनत और उपलब्धियों का उत्सव है, जो विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि का स्वागत बैज अलंकरण व स्मृति चिन्ह देकर किया गया। छात्र-छात्राओं ने गायन, नाटक, एकल व सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्नातक स्तर पर कला संकाय में देवांश शर्मा तथा विज्ञान संकाय में अब्दुल सोहेल खान ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किए। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर समाजशास्त्र में पूजा शर्मा, राजनीति विज्ञान में आलोक सिंह और हिंदी में उदयवीर सिंह को सम्मानित किया गया।
प्राचार्य ने वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत कर महाविद्यालय की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अंत में डॉ. वंदना शर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नवीन कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























