जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जनपद अलीगढ के थाना सासनी गेट क्षेत्र के दुर्गापुरी में फैसले के नाम पर पैसे लेने और बाद में नामजद लोगों को जेल भिजवाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण से जुड़ा एक कथित लेनदेन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मामूली कहासुनी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। इस मामले में पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता दुलारी देवी ने नामजद लोगों से समझौते के नाम पर करीब एक लाख रुपये वसूल किए और शपथ पत्र भी तैयार कराए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी शिकायतकर्ता ने अतिरिक्त चार लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर एसएसपी कार्यालय में शिकायत कर नामजद लोगों को जेल भिजवा दिया गया।
शनिवार को जेल गए लोगों के परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही वसूले गए पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

पीड़ित महिला निर्मला देवी ने बताया कि सभी लोगों से दस-दस हजार रुपये लेकर एक लाख रुपये लिए गए थे। इसके बाद और रकम की मांग की गई। उन्होंने बताया कि पैसे देने का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। फिलहाल पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।























