अतरौली (अलीगढ़) | जिला नजर|संजय भारद्वाज
जनपद अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जखेरा निवासी 25 वर्षीय युवक सचिन की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा छर्रा रोड स्थित ग्राम कल्याण नगर में साली की शादी समारोह के दौरान हुआ, जहां सचिन किसी रिश्तेदार को अतरौली बस स्टैंड पर छोड़ने आया था। घटना ने शादी के खुशी भरे माहौल को मातम में बदल दिया, जहां एक ओर बहन की डोली उठने वाली थी, वहीं दूसरी ओर परिवार का चिराग बुझ गया।
जानकारी के अनुसार, सचिन पुत्र लाखन सिंह निवासी ग्राम जखेरा थाना अतरौली, आज सुबह करीब 5 बजे रिश्तेदार को बस में छोड़ने के बाद घर लौट रहा था। तेवतू के समीप अचानक एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
एक राहगीर ने फोन के माध्यम से परिवार को सूचना दी। मौत की खबर सुनते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। मृतक के ससुर ने बताया कि सचिन रिश्तेदार को छोड़ने के लिए अतरौली आया था और घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल सचिन को अतरौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक सचिन के दो बेटे हैं। इस घटना ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। एक ओर शहनाई की गूंज थी, तो दूसरी ओर मातम छा गया। बहन की विदाई की खुशी अब सन्नाटे में बदल गई है। स्थानीय निवासियों ने सड़क सुरक्षा पर चिंता जताते हुए प्रशासन से हादसों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।





