इगलास/अलीगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर इगलास शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। गंगाजल लेकर वृंदावन व अन्य शिवालयों की ओर बढ़ रही कांवड़ियों की टोलियों ने पूरे नगर को “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। भगवा वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं की लंबी कतारों ने आस्था और उत्साह का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।
पुलिस प्रशासन अलर्ट, रूट डायवर्जन से यातायात सुचारु
कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव एवं ट्रैफिक एसआई अरविंद द्विवेदी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। नगर के मुख्य चौराहे से भारी वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया, जिससे कांवड़ियों को निर्बाध मार्ग मिल सके।
पुलिस बल की तैनाती के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जगह-जगह पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए और लगातार गश्त कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने कहा – “कांवड़ियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।”
सेवा भाव में आगे आए नगरवासी
नगर में कांवड़ियों की सेवा के लिए जगह-जगह भंडारे एवं शिविर लगाए गए हैं। मुख्य चौराहे के निकट इगलास चेयरमैन श्रीमती कमलेश शर्मा के प्रतिनिधि हरीश कुमार शर्मा के परिजनों एवं सहयोगियों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई। पूर्व चेयरमैन ओंकार प्रसाद शर्मा एवं गोपाल शरण शर्मा के परिजनों ने दूध एवं भोजन का शिविर लगाया।
श्री राधा कृष्ण मंदिर पर नगर के प्रसिद्ध “चमचम” मिठाई निर्माता स्व. रघुवर दयाल उर्फ रग्घा सेठ के सुपुत्र दिनेश कुमार एवं छोटे लाल ने अपने सहयोगियों के साथ सब्जी-पूड़ी, फल एवं मिठाई का भंडारा आयोजित किया।
इसके अतिरिक्त नगर के लगभग एक दर्जन स्थानों पर शिवभक्तों द्वारा भंडारे और विश्राम शिविर लगाए गए, जहां कांवड़ियों के लिए जलपान, भोजन एवं आराम की समुचित व्यवस्था की गई।
श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का संगम
पिछले दो दिनों से नगर इगलास में कांवड़ियों का लगातार आवागमन जारी है। भक्तों की आस्था, नगरवासियों की सेवा भावना और प्रशासन की मुस्तैदी ने महाशिवरात्रि के पर्व को विशेष बना दिया है।
नगर इगलास इस समय शिवभक्ति की अद्भुत छटा में रंगा हुआ है, जहां हर ओर सिर्फ एक ही स्वर सुनाई दे रहा है—
“बम-बम भोले!”





