अलीगढ़ | जिला नजर | संजय भारद्वाज
थाना गभाना क्षेत्र के NH-91 स्थित महरावल पुल के पास एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित इगलास की ओर रोड कंस्ट्रक्शन साइट से काम खत्म कर बाइक से वापस लौट रहे थे। ठेकेदार और मजदूरों को ले जा रही बाइक को तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सवार बुरी तरह घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। दो घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस हादसे ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





