फतेहपुर सीकरी/आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को पत्नी सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन के साथ हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पहुंचे। उन्होंने चादरपोशी कर देश–प्रदेश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ की। दरगाह से निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि “समीकरण बदलना हमने भी बीजेपी से सीख लिया है। आगामी विधानसभा चुनाव में आगरा समेत पूरे प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिलेंगे।”
दरगाह पर चादरपोशी, भाईचारे की दुआ
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अखिलेश यादव परिवार सहित मजार पर पहुंचे और चादर अर्पित की। बाहर निकलते समय कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी और जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में अखिलेश को लेकर खासा उत्साह दिखा।
आगरा की पहचान ताज, पेठा और हुनर—अखिलेश
मीडिया से बातचीत में सपा अध्यक्ष ने कहा कि “आगरा ताजमहल की शान, पेठे की मिठास और हुनरमंद कारीगरों की कला से पहचाना जाता है।” उन्होंने आगरा मेट्रो का जिक्र करते हुए कहा कि यह परियोजना समाजवादी सरकार में शुरू हुई थी, जिसे मौजूदा सरकार पूरा कर रही है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर निशाना—‘वोट कटने नहीं देना’
अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार वोट कटाने की कोशिश कर रही है, ऐसे में हर नागरिक को जागरूक रहकर यह सुनिश्चित करना होगा कि न सिर्फ वोट सुरक्षित रहें, बल्कि जिनके नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें भी जोड़ा जाए।
नदियों की हालत पर BJP सरकार पर हमला
उन्होंने यमुना और गंगा की स्थिति पर भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा “डबल इंजन सरकार यमुना की हालत सुधारने में नाकाम रही। गंगा को आचमन योग्य बनाने का वादा भी अधूरा है। आगरा पहुंचते–पहुंचते यमुना नाले में तब्दील हो जाती है।” अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने लखनऊ में गोमती पर जो काम किया, उसका असर आज भी दिखता है।
देश में उड्डयन संकट पर प्रतिक्रिया
इंडिगो उड़ानें थमने के सवाल पर उन्होंने कहा, “आज देश में उड़ानें उद्योगपति तय कर रहे हैं। सरकार सिर्फ देख रही है, और जनता को इसका असर झेलना पड़ेगा।”
आगरा की नौ सीटों पर ‘समीकरण बदलेगा’
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगरा की सभी नौ सीटों पर समीकरण बदले जाएंगे और समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण और रणनीति पूरी तरह नए राजनीतिक गणित के आधार पर तय की जाएगी।
संविधान—पीडीए की ‘किस्मत की किताब’
उन्होंने कहा कि संविधान ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को सम्मान और अधिकार दिया है। “डॉ. आंबेडकर का लिखा संविधान ही पीडीए की किस्मत की किताब है। आरक्षण ने कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाया है। सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंकने की घटना यह बताती है कि ताकतवरों का वर्चस्व अभी भी कायम है।”
किरावली और फतेहपुर सीकरी में हुआ जोरदार स्वागत
फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागतकर्ताओं में वाजिद निसार, सुरेंद्र चौधरी, प्रदीप मुखिया, राजपाल यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
किरावली चौराहे पर भी लोगों ने अखिलेश यादव का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। यहां महाराज सिंह शाक्य, ऋषि दर्शन, देवेंद्र शर्मा, रमजान उस्मानी, राशिद कुरैशी, रंजीत चौधरी, स्माइल मेव, डॉक्टर खान और हाजी आज़ाद मेव उपस्थित रहे।
- रिपोर्ट – दिलशाद समीर





