आगरा। सोमवार की सुबह आगरा में घने कोहरे के साथ हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही। ओस की हल्की बूंदों के कारण मौसम में नमी बनी रही, हालांकि तापमान में बढ़ोतरी के चलते लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली है।
रविवार सुबह हुई बारिश के बाद दिन के दौरान एक-दो बार हल्की फुहारें भी पड़ीं, लेकिन इसका ठंड पर कोई खास असर नहीं दिखा। मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो रविवार सुबह बढ़कर 10.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। विभाग ने सोमवार को दिन में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि बीच-बीच में मौसम साफ रह सकता है और धूप निकलने के आसार भी बने हुए हैं। शाम होते-होते एक बार फिर कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है।
घने कोहरे का असर जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी साफ देखने को मिला। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। नई दिल्ली–भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस करीब 45 मिनट की देरी से आगरा पहुंची, जबकि ताज एक्सप्रेस आधे घंटे से अधिक लेट रही। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी घंटों की देरी से संचालित हुईं।
वहीं एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने पड़े, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि 3 फरवरी से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे मौसम साफ रह सकता है और लोगों को कोहरे व नमी से राहत मिलने की उम्मीद है।





