आगरा: जैन समाज की किशोर बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और जागरूक बनाने के लिए भारतीय जैन संघटना (भजसं) आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का शनिवार को कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में विधिवत शुभारंभ हुआ। 13 से 19 वर्ष आयु की चयनित 35 बालिकाएं इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन भजसं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रोहित जैन अहिंसा एवं प्रदेश सचिव सुरेंद्र कुमार जैन ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। आयोजकों ने बताया कि वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा बोध, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बन सकें।
पहले दिन के सत्र
दिल्ली से आए प्रशिक्षक हेमंत जैन एवं पलक जैन ने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर सत्र लिया। सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, स्वयं की पहचान, प्रभावी संवाद कौशल पर विस्तार से चर्चा हुई।
सुरक्षा और आत्मरक्षा सत्र में बालिकाओं को दैनिक जीवन में सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार, आपात स्थिति में उपाय और आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। उदाहरणों से आत्मरक्षा के महत्व को समझाया गया।
दूसरे दिन
स्वास्थ्य-स्वच्छता, मानसिक सशक्तिकरण, निर्णय क्षमता, समय प्रबंधन और जीवन कौशल पर सत्र होंगे। समापन पर बालिकाएं अनुभव साझा करेंगी और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। मुख्य अतिथि सीए सुरेश जैन, भजसं अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, शहर अध्यक्ष अंकुश जैन, अंकेश जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, शुभम जैन सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

