आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के राधानगर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक भाभी ने अपनी ननद को सरप्राइज गिफ्ट देने के बहाने जान से मारने की कोशिश की। आरोपी भाभी ने पहले ननद की आंखों पर पट्टी बांधी, उसके हाथ बांधे और फिर कमरे में ले जाकर बेरहमी से हमला कर दिया।
पीड़िता प्रिया अग्रवाल के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे उसकी भाभी पूजा ने कहा कि 1 जनवरी को उसका जन्मदिन है और उसने उसके लिए गिफ्ट मंगाया है। गिफ्ट देने के नाम पर वह प्रिया को अपने कमरे में ले गई। इसके बाद उसकी आंखों पर चुन्नी बांध दी और हाथ भी बांध दिए। बेड पर बैठाते ही अचानक किसी नुकीली चीज से उसके सिर पर वार कर दिया।
इसके बाद पूजा ने चाकू, तवा और चिमटे से ताबड़तोड़ हमला किया। पीड़िता के सिर पर 50 से अधिक वार किए गए। चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। हमले के दौरान आरोपी भाभी लगातार कहती रही, बहुत हेड बनती हो, आज तेरा काम तमाम कर दूंगी।
जान बचाने के लिए प्रिया आंखों पर पट्टी बंधी होने के बावजूद किसी तरह कमरे से बाहर की ओर भागी और शोर मचाया। बाहर आते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। पड़ोसियों ने ही घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रिया को जेके हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, प्रिया के सिर में कई गहरे जख्म हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
राधानगर निवासी गिरीश अग्रवाल ऑटो चालक हैं। उनके बेटे शिवांशु ने एक साल पहले कचहरी घाट निवासी पूजा से प्रेम विवाह किया था। पूरा परिवार एक साथ रहता है। घटना के समय घर में केवल प्रिया और पूजा ही मौजूद थीं। परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे।
घटना के बाद आरोपी पूजा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि घर में किसी बाहरी युवक ने हमला किया है। हालांकि पुलिस पूछताछ में उसका बयान संदिग्ध पाया गया। पीड़िता ने साफ तौर पर भाभी पर ही हमला करने का आरोप लगाया है।
प्रिया की मां ने बताया कि जब वह घर पहुंचीं तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। बेड पर तवा, चाकू और कन्नी पड़ी हुई थी। तवा तक टेढ़ा हो चुका था, जिससे हमले की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
एसीपी छत्ता शेषमणि ने बताया कि आरोपी भाभी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।





