आगरा: आगरा में बुधवार देर रात एक मामूली साइड विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना राजीव टॉकीज के सामने स्थित राजन वाइन शॉप के बाहर की बताई जा रही है, जहां दो युवकों के बीच कहासुनी के बाद हमला हो गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइड को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, टीटू वर्मा नामक युवक का आशीष शर्मा उर्फ़ चिंटू से साइड को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया।
धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गुस्से में आकर आरोपी ने तेज धारदार हथियार से टीटू वर्मा पर हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ICU में भर्ती
घायल युवक को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। साथ ही वाइन शॉप के बाहर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।





