आगरा: भारत रत्न स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर निगम आगरा द्वारा मंगलवार को नगर निगम परिसर में भव्य काव्य पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अटल जी के विचारों से युवाओं को नवाचार, स्वच्छता और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करना था। आयोजन में विद्यार्थी, युवा, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम की आयोजक महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह थीं। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल रहे। महापौर ने अतिथियों का स्वागत किया।
महापौर ने संबोधन में कहा कि अटल जी पूरे देश के आदर्श हैं। उनकी कविताएं और संवाद शैली आज भी युवाओं को प्रेरित करती हैं। उन्होंने विकसित भारत मिशन के लिए नवाचार पर जोर देते हुए स्वच्छ भारत मिशन और जीरो वेस्ट की अपील की। महापौर ने अटल जी के आगरा से जुड़े संस्मरण साझा किए – उन्हें आगरा की बेड़ई बेहद पसंद थी और उनकी सादगी आत्मीयता प्रसिद्ध थी।
मुख्य अतिथि रामप्रताप सिंह चौहान ने अटल जी के साहसिक निर्णयों – कश्मीर, पोखरण और विदेश नीति – को याद कर उन्हें राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 पर फोकस रहा। चित्रकला में बच्चों ने स्वच्छ आगरा और जीरो वेस्ट पर चित्र बनाए। काव्य पाठ में डॉ. ज्योत्स्नना शर्मा सहित कवियों ने स्वच्छता और अटल जी पर रचनाएं पेश कीं।
नगर निगम की 5आर पहल और जीरो वेस्ट मार्केट का जिक्र हुआ। फ्लेक्स-बैनर स्वयं सहायता समूहों को सौंपे गए। विजेताओं को प्रमाणपत्र दिए गए और स्वच्छता दूत बनने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। संचालन भाजयुमो के गौरव राजावत और शैलू पंडित ने किया।





