लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में एमएलसी विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान विजय शिवहरे ने आगरा शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। विशेष रूप से एम.जी. रोड स्थित आगरा कॉलेज के सामने सड़क के मध्य/किनारे बनी मजार के कारण उत्पन्न हो रही यातायात बाधा का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस मजार से रोजाना भारी जाम लगता है, वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। जनहित एवं यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस विषय पर आवश्यक और प्रभावी कार्यवाही कराने का अनुरोध किया।
यह मुद्दा आगरा में काफी समय से चर्चा में है। स्थानीय लोग और कुछ संगठन इसे सड़क अतिक्रमण मानते हुए हटाने की मांग कर रहे हैं, जबकि यातायात पुलिस और प्रशासन से जुड़े लोग जाम और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। विजय शिवहरे ने इस समस्या को सीधे CM स्तर तक पहुंचाकर समाधान की उम्मीद जगाई है।
एमएलसी विजय शिवहरे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़, निर्णायक एवं विकासोन्मुख नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, “उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और तेज विकास की स्पष्ट झलक दिख रही है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन, कठोर निर्णय क्षमता और अडिग संकल्प प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। उनका कर्मठ, अनुशासित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला नेतृत्व हर वर्ग के नागरिकों के लिए विश्वास और प्रेरणा का केंद्र है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिष्टाचार भेंट प्रदेश के विकास को और गति देगी तथा आगरा सहित अन्य क्षेत्रों की जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण संवाद साबित होगी।





