आगरा: उत्तर भारत में छाए घने कोहरे के कारण सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। अछनेरा क्षेत्र में आज तड़के दक्षिणी बाइपास पर गांव रायभा के पास एक ही लेन में चल रहे तीन ट्रक आपस में भिड़ गए। कम दृश्यता के चलते चालकों को आगे के वाहन दिखाई नहीं दिए, जिससे यह दुर्घटना हुई।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क पर फंस गए, जिससे कुछ समय तक यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई।
कुकथला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया। पुलिस ने चालकों से अपील की है कि कोहरे में कम स्पीड रखें, फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।























