आगरा: तहसील एत्मादपुर क्षेत्र में यमुना नदी से हो रहे अवैध बालू खनन के खुलासे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को खनिज विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने रायपुर और रहनकलां गांवों में यमुना नदी के उन स्थानों की पैमाइश की, जहां से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से दिनदहाड़े बालू निकाला जा रहा था। टीम ने गहरे गड्ढों को चिह्नित कर साक्ष्य जुटाए और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।
मिट्टी खनन पर सख्ती के बाद खनन माफियाओं ने यमुना को निशाना बनाया था। इनर रिंग रोड से रमाडा की ओर जाने वाले पक्के पुल के पास अवैध खनन का वीडियो वायरल होने के बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा। गुरुवार को शोभानगर नरायच में सरकारी भूमि पर डंप 1150 घनमीटर बालू बरामद हुई, जिस पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन से यमुना का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप है।
उप जिलाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त एक्शन होगा। क्षेत्र में अवैध खनन पर लगातार निगरानी जारी रहेगी और अभियान आगे भी चलेगा।

