फतेहाबाद/आगरा: पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक ने मंगलवार दोपहर यमुना नदी में छलांग लगा दी। लेकिन घटना स्थल दो जिलों की सीमा पर होने के कारण पुलिस का क्षेत्राधिकार विवाद तीन घंटे तक चलता रहा। मौके पर पहुंची दोनों ही थानों की पुलिस एक-दूसरे के क्षेत्र का मामला बताती रही। कार्रवाई न होने से नाराज़ स्वजनों ने पुल पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार हरीशंकर पुत्र मानसिंह, निवासी बरगदपुर थाना रसूलपुर, अपनी पत्नी से अपनी बहन की ससुराल स्याहीपुरा बसई अरेला जाने को लेकर दोपहर लगभग एक बजे कहासुनी में उलझ गया था। विवाद के बाद वह फतेहाबाद–फिरोजाबाद मार्ग स्थित शंकरपुर घाट पहुंचा और दो बजे के करीब यमुना नदी में छलांग लगा दी।
सूचना पर बसी मुहम्मदपुर फिरोजाबाद पुलिस पहुंची, लेकिन घटना को फतेहाबाद आगरा क्षेत्र बताते हुए वापस लौट गई। बाद में फतेहाबाद पुलिस पहुंची तो इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने पुल के पिलरों की गिनती कराई। पुल पर कुल 13 पिलर मिले, जिनमें पिलर संख्या 4—जहाँ से युवक ने छलांग लगाई—फिरोजाबाद सीमा में पाया गया। इस आधार पर मामला फिरोजाबाद क्षेत्र का निकला।
दो जिलों की सीमा विवाद को लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच तीन घंटे तक असमंजस की स्थिति बनी रही। स्वजनों द्वारा फिरोजाबाद के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्रीय विधायक मुकेश वर्मा को सूचना देने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। देर शाम रसूलपुर पुलिस दोबारा लौटी, लेकिन कार्रवाई शुरू नहीं की गई ।बार बार बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद पुलिस का कहना था कि मामला फतेहाबाद क्षेत्र का है।
उत्तेजित स्वजनों ने आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई होती तो हरीशंकर की जान बच सकती थी। समाचार लिखे जाने तक पुल पर फिरोजाबाद की ओर जाम लगा हुआ था।बताते चलें कि हरीशंकर तीन भाइयों में बीच का था। उसके तीन पुत्र और दो पुत्रियाँ हैं। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





