फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद के तिबाहा स्थित 765 केवीए विद्युत सब स्टेशन में एक विशाल अजगर निकल आया। ड्यूटी पर तैनात पूर्व सैन्यकर्मी राजेंद्र सिंह गुर्जर ने उसे पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।
यह घटना 2 जनवरी को दोपहर करीब 1:00 बजे हुई। अजगर को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने पहले उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बाद में पूर्व सूबेदार राजेंद्र सिंह गुर्जर ने अपने साथियों की मदद से अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद, अजगर को वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया, जिसने उसे जंगल में छोड़ दिया।
राजेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब सब स्टेशन में अजगर निकला है। इससे पहले 25 दिसंबर को भी इसी विद्युत सब स्टेशन में एक विशाल अजगर मिला था। उसे भी इसी तरह रेस्क्यू कर जंगल में छुड़वा दिया गया था।
वन क्षेत्र अधिकारी विशाल राठौर ने पुष्टि की कि अजगर को पकड़कर वन विभाग की टीम ने घने जंगल में छुड़वा दिया है। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन जंगल के पास स्थित होने के कारण अक्सर वहां अजगर निकल आते हैं।
🔹संवाददाता – सुशील गुप्ता





