• जिला नजर के आधिकारिक फेसबुक प्रोफाइल से हुआ ऑनलाइन आयोजन, एक घंटे का कार्यक्रम श्रोताओं के उत्साह से दो घंटे तक चला
जिला नजर | संवाददाता
____________
आगरा। होली के रंगों और साहित्य की सुगंध से सराबोर ‘साहित्यिक होली का हुडदंग’ कार्यक्रम जिला नजर दैनिक हिन्दी समाचार पत्र के आधिकारिक फेसबुक प्रोफाइल पर ऑनलाइन आयोजित किया गया। कार्यक्रम अपने निर्धारित समय रात्रि 8:00 बजे प्रारंभ हुआ और साहित्यकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों तथा श्रोताओं के उत्साहपूर्ण कमेंट्स के कारण निर्धारित एक घंटे का यह आयोजन लगभग दो घंटे तक चलता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुजफ्फरनगर की सुप्रसिद्ध कवयित्री सुशीला शर्मा की सुमधुर वाणी में प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और साहित्यिक गरिमा प्रदान की। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े साहित्यकारों ने होली के रंग, सामाजिक सरोकार और मानवीय भावनाओं से जुड़ी अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र शर्मा ‘नरेंद्र’ (अलीगढ़) ने की, जबकि भूदत्त शर्मा (हरिद्वार), सोहनलाल शर्मा ‘प्रेम’ (डींग, राजस्थान), सुशीला शर्मा (मुजफ्फरनगर) और संत कुमार भारद्वाज (आगरा) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हरिनाथ शुक्ल ‘हरी’ (सुल्तानपुर) ने किया।
फेसबुक लाइव के दौरान श्रोताओं की सक्रिय सहभागिता और लगातार आते कमेंट्स ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। अंत में जिला नजर दैनिक हिन्दी समाचार पत्र के संपादक संत कुमार भारद्वाज ने मंचासीन सभी साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ‘नरेंद्र’ ने सभी रचनाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए श्रोताओं के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
यह आयोजन केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि साहित्य, संवेदना और संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में सामने आया, जहाँ शब्दों के अबीर-गुलाल से वातावरण साहित्यिक उल्लास से सराबोर हो उठा।























