आगरा: आम आदमी का तेजी से मुनाफा कमाने का लालच साइबर ठगों का बड़ा हथियार बन रहा है। शहर में एक और साइबर ठगी का मामला सामने आया जिसमें शेयर ट्रेडिंग मोटा मुनाफे का लालच देकर व्यापारी से करीब साढ़े 68 लाख रुपये ठग लिए गये। दयालबाग निवासी व्यापारी ने अब ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
खबरों के अनुसार, दयालबाग के स्वेतनगर निवासी महाराजा राव पतंगे के साथ पिछले साल अक्टूबर से दिसंबर माह के बीच ठगी हुई। उस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम व वाट्सएप से संपर्क किया। उसने अपनी कंपनी का नाम एसोसिएट ऑफ फायर सिक्योरिटी और खुद को सेबी रजिस्टर्ड स्टाफ ब्रोकर बताया। उसने स्टाक मार्केट में ट्रेडिंग के बारे में बताया।
इसके बाद वाट्सएप पर लिंक भेजकर ट्रेडिंग खाता खुलवा दिया। शुरू में कम रकम पर उन्हें बड़ा मुनाफा हुआ। मुनाफे की रकम को उन्होंने निकाल लिया। इसके बाद अधिक निवेश करने पर बड़ा मुनाफा होने का लालच दिया गया।
साइबर ठगों के जाल में फंसे महाराजा राव पतंगे ने एपीके फाइल के रूप में भेजी गई एप्लीकेशन को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर लिया और निवेश के नाम पर रुपये अलग-अलग खातों में जमा करने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे उन्होंने 68 लाख, 55 हजार रुपये साइबर ठगों के खातों में जमा कर दिए। एप्लीकेशन पर जमा रकम के साथ मोटा मुनाफा दिख रहा था। रुपये निकालने के लिए आवेदन करने पर हर बाद कोई शर्त लगा देते थे। पीड़ित के अनुसार उनके बेटे ने कंपनी से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि एपीके फायर्स नाम से कोई एप नहीं है।
इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाना पुलिस को सूचना दी। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
- रिपोर्ट – गोविन्द पाराशर





