अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गांधी पार्क एवं क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (देहात) की संयुक्त पुलिस टीम ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए 05 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध तमंचे, अधबने हथियार और शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चली कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी (IPS) के पर्यवेक्षण तथा थाना गांधी पार्क पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (देहात) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गांधी पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से शस्त्र फैक्ट्री संचालित की जा रही है।
अवैध तमंचे बनाते रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से 05 अभियुक्तों को तमंचे बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त अवैध शस्त्र फैक्ट्री में तमंचों का निर्माण कर रहे थे और उन्हें आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
बरामदगी में तमंचे, अधबने हथियार और उपकरण शामिल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
-
कई अवैध देशी तमंचे,
-
अधबने शस्त्र,
-
शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त औजार व उपकरण
बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 20/26, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट (अवैध शस्त्र फैक्ट्री) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे तमंचे बनाने का सामान अलीगढ़ के मराठे क्षेत्र से और तमंचे की नाल टीपी टोल एरिया से खरीदते थे। एक तमंचा बनाने में करीब ₹1000 से ₹1500 का खर्च आता था, जिसे वे अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त थे और आपस में मिलकर पार्टनरशिप के आधार पर फैक्ट्री चला रहे थे, जिसमें सभी को बराबर का हिस्सा मिलता था।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शस्त्र निर्माण और तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद है।
- रिपोर्ट – संजय भारद्वाज





