फतेहाबाद/आगरा: परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से 262 प्रधानाध्यापक एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को शारदा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयों में नामांकित कराने की कार्ययोजना पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जूनियर हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापकों का प्रशिक्षण गुरुवार को पूर्ण हो गया, जबकि शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 27 जनवरी से 5 फरवरी तक ब्लाक संसाधन केंद्र पर चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्रों में मास्टर ट्रेनर नवतेश सिंह एवं अनुराधा गर्ग द्वारा शारदा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें सर्वे प्रक्रिया, आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान, अभिभावकों से संवाद, काउंसलिंग तथा नामांकन बढ़ाने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी शेष बहादुर सरोज ने बताया कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस प्रशिक्षण को शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





