आगरा। लोधी राजपूत समाज की एक महत्वपूर्ण राजनीतिक चिंतन-मंथन पर बैठक रविवार को प्रियांशु गार्डन, ताज नगरी फेस-2 आगरा में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज के अनेक वरिष्ठ समाजसेवी, युवा कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य समाज की राजनीतिक स्थिति, भागीदारी एवं भविष्य की दिशा पर गंभीर मंथन करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता निहाल सिंह भोले एवं एडवोकेट छीतर सिंह ने की। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि आगरा जनपद में भी भारतीय जनता पार्टी ने लगातार लोधी राजपूत समाज के वोट तो लिए, लेकिन समाज को उसका उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। मुख्य-मुख्य राजनीतिक और संगठनात्मक पद अन्य समाजों को दे दिए गए, जबकि लोधी समाज की लगातार अनदेखी होती रही।

वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के लिए मुख्यमंत्री पद तक त्याग दिया, लेकिन आज उसी समाज को राजनीतिक रूप से वह सम्मान नहीं मिल पा रहा, जिसका वह वास्तविक हकदार है। यह स्थिति समाज के लिए गंभीर चिंतन और आत्ममंथन का विषय है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि लोधी समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपने सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के लिए संगठित होकर निर्णायक भूमिका निभाएगा। समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर आगे की रणनीति तय करने पर बल दिया गया।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि आगरा का लोधी समाज जनवरी के अंतिम सप्ताह या फरवरी के प्रथम सप्ताह में एक विशाल जनसभा का आयोजन करेगा, जिसमें समाज की राजनीतिक दिशा और आगामी रणनीति को स्पष्ट रूप से रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुलाब सिंह लोधी (जिलाध्यक्ष), बबलू लोधी, प्रकाश राजपूत, एड राकेश लोधी,खरग सिंह प्रधान,अनेक सिंह वर्मा, लाल सिंह लोधी, तेजवीर सिंह,डा लालसिंह राजपूत, विजय सिंह लोधी, एड. लाल बहादुर सिंह लोधी, अर्जुन सिंह लोधी,के.पी. सिंह लोधी, गोपाल भगत जी,महेश लोधी, हरिमोहन प्रधान, बलवीर सिंह प्रधान, डॉ. लोकमन सिंह, दीपक पार्षद, पप्पू लोधी,आर.के. राजपूत, वीरेंद्र पार्षद, निरंजन सिंह राजपूत, ओमप्रकाश प्रधान, विसंबर प्रधान,राजन सिंह पहलवान देवेंद्र लोधी, राजेंद्र प्रधान,मनोज राजपूत,चन्दन सिंह राजपूत,सहित अनेक गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि लोधी राजपूत समाज अपने राजनीतिक सम्मान के लिए शांतिपूर्ण, संगठित एवं जागरूक प्रयास करेगा तथा समाज की आवाज को हर मंच पर मजबूती के साथ उठाया जाएगा।





