फतेहाबाद/आगरा: ब्लॉक बरौली अहीर अंतर्गत ग्राम पंचायत बमरौली कटारा की ग्राम प्रधान मधु उदय सिंह राणा को उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग द्वारा ‘ड्रीम टीम’ के लिए चयनित किया गया है। चयन के बाद उन्हें महाराष्ट्र की मॉडल पंचायतों का अध्ययन करने के लिए पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया है। शनिवार 6 दिसंबर को उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट से टीम के साथ मुंबई के लिए उड़ान भरी और सुबह आठ बजे पुणे स्थित यशवंतराव चव्हाण अकादमी ऑफ डेवलपमेंट एडमिनिस्ट्रेशन (यशदा) कैंपस पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस विशेष दल में आगरा सहित विभिन्न जनपदों के चयनित ग्राम प्रधानों के साथ 11 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीम का नेतृत्व झांसी के डिप्टी डायरेक्टर पंचायत अजय आनंद सरोज कर रहे हैं, जबकि स्टेट कंसल्टेंट रवींद्र कुमार भी विजिट में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। यह दल महाराष्ट्र की सफल पंचायतों के मॉडल, डिजिटल गवर्नेंस, स्वच्छता मिशन, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को समझने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहा है। इस अध्ययन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की पंचायतों में भी इन नवाचारों और सफल मॉडलों को लागू कर ग्रामीण विकास को नई गति देना है।
ग्राम प्रधान मधु उदय सिंह राणा अपने क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं को सही पात्रों तक पहुंचाने, जन स्वास्थ्य जागरूकता और सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की मॉडल पंचायतों में अपनाए गए नवाचारों को वह अपने गांव और क्षेत्र में लागू कर बेहतर प्रशासन और विकास के नए रास्ते खोलेंगी।
विजिट के दौरान सोमवार को उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे से भी मुलाकात की, जिसे उन्होंने एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। यह दौरा प्रदेश की पंचायतों को नई दिशा देने और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
- रिपोर्ट सुशील गुप्ता





