लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार सुबह से ही कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कहीं रुक-रुककर बारिश की शुरुआत हो चुकी है। ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम में यह बदलाव सर्दियों के आगमन का संकेत दे रहा है। हालांकि, कुछ जिलों में अभी भी आसमान साफ है और धूप खिली हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगर आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ती है तो किसानों की फसलों पर इसका असर पड़ सकता है। इस समय राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धान की मड़ाई का काम चल रहा है। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में सूखने के लिए छोड़ रखी है। ऐसे में बारिश से धान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्व-मध्य अरब सागर पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से लेकर पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली द्रोणी रेखा (ट्रफ) और निचले वायुमंडल में अरब सागर से आ रही नमी के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर भी उत्तर प्रदेश में दिखाई देने लगा है।
इसी के चलते बुंदेलखंड क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों — आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर — में 27 अक्तूबर को बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
पूर्वांचल में भी बरस सकते हैं बादल
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 28 अक्तूबर को आंध्र प्रदेश तट को पार करते हुए चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके कमजोर अवशेष दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेंगे। इस कारण 29 से 31 अक्तूबर के बीच पूर्वांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
29 से 31 अक्तूबर तक ऐसे रहेगा मौसम का हाल
- 29 अक्तूबर: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना।
- 30 अक्तूबर: प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना।
- 31 अक्तूबर: पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें और मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर बनाए रखें।






