गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। थाना हरिपर्वत क्षेत्र स्थित संजय प्लेस कपड़ा मार्केट में सोमवार को तीसरी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त पहचान कराने के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संजय प्लेस स्थित कपड़ा मार्केट ब्लॉक नंबर-2 में सुबह एक युवक अचानक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह लोगों ने शव पड़े देखा को आसपास के दुकानदार और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर थाना हरिपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक का पैर फिसला, उसने छलांग लगाई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि जिस ब्लॉक में यह हादसा हुआ है, वहां ग्रिल नहीं है।
पुलिस का अनुमान है कि यह हादसा रात में किसी समय हुआ और सुबह इसकी जानकारी हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है। मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।





















