मथुरा। महानगर कांग्रेस कमेटी, मथुरा-वृंदावन ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए धनंजय चौधरी को नगर निगम मथुरा-वृंदावन में नेता पार्षद दल नियुक्त किया है।महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पं. यतेन्द्र मुकद्दम द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि धनंजय चौधरी की संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।नियुक्ति पत्र में विश्वास व्यक्त किया गया है कि धनंजय चौधरी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की रीति-नीति एवं संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए नगर निगम में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं जनमुखी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने धनंजय चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।






















