जिला नजर संवाददाता
आगरा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), शास्त्रीपुरम, आगरा में 10वीं कक्षा के छात्र विश्वराज मल्होत्रा के साथ स्कूल परिसर में हुई बर्बर मारपीट के मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।
पीड़ित छात्र के पिता व लोकप्रिय यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा तथा प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स अवेयरनेस (PAPA) के राष्ट्रीय संयोजक दीपक सिंह सरीन ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तत्काल प्रशासनिक जांच समिति गठित करने की मांग की।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसडीएम सदर सहित अन्य अधिकारियों की सदस्यता वाली जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी को सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात की। कमिश्नर ने घटना को आपराधिक मानते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। स्कूल परिसर में घातक सामग्री लाने और सुरक्षा चूक पर सभी स्कूलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही गई।
पीड़ित पक्ष ने स्कूल की छत पर मात्र ढाई फीट ऊंची बाउंड्री वॉल को गंभीर सुरक्षा लापरवाही बताया। यदि कोई बच्चा गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस कमिश्नर ने प्रधानाचार्य को तलब करने के निर्देश दिए हैं।
दीपक सिंह सरीन ने कहा, “यह केवल दो छात्रों का विवाद नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा सिस्टम की जवाबदेही का मुद्दा है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत बच्चों को सुरक्षित वातावरण देना अनिवार्य है। CBSE स्कूलों को एंटी-बुलिंग नीति का सख्ती से पालन करना चाहिए।”
PAPA ने इस मामले की शिकायत उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, NCPCR, माध्यमिक शिक्षा विभाग और CBSE को भी भेज दी है। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।























