फतेहाबाद/आगरा: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को ब्लॉक फतेहाबाद के ग्राम चाचीपुरा में एक दिवसीय एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तत्वावधान में संचालित लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के अंतर्गत जन चेतन सेवा समिति द्वारा ग्राम प्रधान भंवर सिंह चौहान के सहयोग से लगाया गया।
शिविर का शुभारंभ प्रधान ने फीता काटकर किया।शिविर में ग्रामीणों को एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी व सी, टीबी, मधुमेह (शुगर), उच्च रक्तचाप (बीपी) तथा यौन जनित रोगों की निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंचे, जिससे पूरे दिन शिविर में चहल-पहल बनी रही।शिविर में 208 लोगों की ओपीडी की गई। सभी 208 लोगों की एचआईवी व सिफिलिस जांच की गई, जिनमें 4 व्यक्ति एचआईवी रिएक्टिव तथा 2 सिफिलिस रिएक्टिव पाए गए। 8 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) की जांच की गई। टीबी स्क्रीनिंग में 208 लोगों की जांच के दौरान 3 व्यक्तियों में टीबी के लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए संदर्भित किया गया।
इसके अतिरिक्त 139 लोगों की हेपेटाइटिस-बी जांच की गई, जबकि हेपेटाइटिस-सी का कोई भी रिएक्टिव मामला सामने नहीं आया। 110 लोगों का ब्लड प्रेशर और 141 लोगों की शुगर जांच की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्राप्त किया।परियोजना प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य एचआईवी एवं अन्य संक्रामक रोगों की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना तथा ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाना है।
शिविर में एम एंड ई/अकाउंटेंट सुरेश चंद, टीआई काउंसलर एवंआईसीटीसी परामर्शदाता पूजा लोधी, एसटीआई काउंसलर नूपुर शर्मा, लैब टेक्नीशियन अरविंद सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. उदय प्रताप सिंह, सीएचओ हंसराज कुमावत व रामजन, वार्ड बॉय राजेश, एसटीएलएस परस कुमार, आशा कार्यकर्ता अनीता सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही।





