कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रिक्त पदों से बढ़ी चिंता
फतेहाबाद/आगरा | जिला नजर | सुशील गुप्ता
फतेहाबाद क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में गणित और विज्ञान विषय के शिक्षक न होने से छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के अभाव में छात्राओं को शैक्षणिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अभिभावकों में भी रोष व्याप्त है।
विद्यालय में विज्ञान विषय की शिक्षिका रेखा कुमारी का जुलाई माह में स्थानांतरण हो जाने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा है। वहीं गणित विषय की शिक्षिका स्वतंत्रता विद्यालय में तैनात हैं, जो जुलाई तक दो-चार दिन ही विद्यालय में उपस्थित हुईं। अक्टूबर माह से उनकी निरंतर अनुपस्थिति बनी हुई है। ऐसे में दोनों प्रमुख विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं।
गणित और विज्ञान जैसे आधारभूत विषयों के शिक्षक न होने से छात्राओं की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है, जिससे छात्राओं के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों का कहना है कि आवासीय विद्यालय होने के कारण छात्राएं पूरी तरह विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर निर्भर रहती हैं। ऐसे में शिक्षकों की कमी गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नियुक्ति नहीं की गई तो छात्राओं का शैक्षणिक स्तर गिर सकता है। अभिभावकों ने संबंधित विभाग से शीघ्र स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है।
इस संबंध में विद्यालय की वार्डन बृजेश पाठक ने बताया कि शिक्षकों के अभाव को देखते हुए उपलब्ध शिक्षिकाओं को वैकल्पिक रूप से संबंधित विषय पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह बाधित न हो।





