आगरा। शहर के सर्राफा कारोबार से जुड़ा एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित देव श्री ज्वैलर्स के मालिक अक्षय मित्तल ने एक कारीगर पर चांदी में हेराफेरी कर लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
पीड़ित कारोबारी के अनुसार, उन्होंने कारीगर मोहित को चैन निर्माण के लिए करीब 10.3 किलोग्राम शुद्ध चांदी दी थी। तय समय सीमा के बाद जब तैयार माल वापस मिला और उसकी गुणवत्ता की जांच कराई गई, तो चांदी की शुद्धता मात्र 35 प्रतिशत पाई गई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कारोबारी के होश उड़ गए।
अक्षय मित्तल का आरोप है कि कारीगर ने जानबूझकर चांदी में मिलावट कर विश्वासघात किया और कीमती धातु का बड़ा हिस्सा हड़प लिया। इस हेराफेरी से उन्हें लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चांदी की गुणवत्ता, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सर्राफा बाजार में भी सतर्कता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों से कारोबारी भरोसा प्रभावित होता है और कामकाज में सख्त निगरानी व्यवस्था जरूरी है।





