आगरा। शुक्रवार को रामबाग पुल से यमुना में रेलिंग से एक युवती ने आत्महत्या करने के लिए छलांग लगा दी। एत्माउद्दौला थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से उसे बचा लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया शुक्रवार को दोपहर में करीब 1:30 बजे सूचना मिली की एक लड़की रामबाग पुल से छलांग लगा कर यमुना नदी में कूद गई है। सूचना एनटी रोमियो टीम को मिली। उन्होंने तत्काल रामबाग पुलिस चौकी पर पहुंच कर इस बात की सूचना दी। तत्काल रामबाग पुलिस चौकी से मौके पर पहुच कर गोताखोरों की मदद से युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवती को अपनी जेब से पैसा देकर समय पर अस्पताल में एडमिट कराया। होश में आने के बाद पूछताछ में युवती ने अपना नाम काजल प्रजापति पुत्री दिनेश प्रजापति निवासी तलैया के बगल में चामुंडा मंदिर के पास बताया। उसने बताया कि मैं दुर्गा मां के व्रत रखे हुए हूं लेकिन मेरे माता-पिता मुझे खाने के लिए नहीं देते हैं।
सुबह मेरा झगड़ा मेरे दादा भगवान सिंह व पिता दिनेश प्रजापति से हो गया था। इसी बात से नाराज होकर टेंपो में बैठकर रामबाग यमुना पुल पर आई और वहां से यमुना में कूद गई । युवती का व्रत था इसलिए इंस्पेक्टर ने उसके लिए फल और व्रत का आहार मंगाया और अपने हाथों से खिलाया।