आगरा। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में भीम नगरी का उद्घाटन करने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्याय कहीं भी हो, उसके खिलाफ आवाज उठनी चाहिए, ये बाबा साहब की प्रेरणा रही है। संगठित होकर आवाज उठनी चाहिए। कुछ लोग कह रहे हैं कि उनके लिए संविधान से बढ़कर शरीयत है, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भारत देश बाबा साहब के बनाए संविधान से चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगरा में आंबेडकर शोध केंद्र व छात्रावास बनेगा।
आयोजन समिति के द्वारा मुख्यमंत्री को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री के आने को लेकर आवास विकास क्षेत्र में भीम नगरी के लिये दो करोड़ से ऊपर के नगर निगम ने विकास कार्य कराए हैं। मंगलवार रात 7:00 बजे मुख्यमंत्री भीम नगरी में पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1956 से अपने पूर्वजों के दर्शन को जीवंत आगरा में कर रखा है। बाबा साहब ने दलितों और वंचितों को प्रेरणा दी। भारत के संविधान को लागू हुए 75 वर्ष होने के नाते मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला है। भारत रत्न आम्बेडकर 18 मार्च 1956 में आगरा आए तो यहां के लोगों को संघर्ष का रास्ता सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से आप पश्चिम बंगाल का नजारा देख रहे होंगे, कैसे वहां गरीबों और दलितों को दंगों का शिकार बनाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी मौन है, कांग्रेस मौन है और ममता दीदी को ये दंगाई शांति दूत दिखाई पड़ रहे हैं। दंगाइयों का जवाब सिर्फ डंडा हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो आदमी संविधान का अपमान करता है, वो बाबा साहब की अवमानना कर रहा है। बाबा साहब ने प्रत्येक भारतीय को मताधिकार का अधिकार दिलाया और इसी कारण भारत विश्व में सबसे बड़ा लोकतंत्र स्थापित कर पाया। मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। अंत में योगी ने कहा कि ये भारत बाबा साहब के संविधान से चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई में बाबा साहब का भव्य स्मारक बनाने का काम बीजेपी ने किया। मोदी जी के नेतृत्व में पंच तीर्थ बाबा साहब के नाम पर बनाने का काम किया है। इसलिए मैं आपसे कहने के लिए आया हूं कि भारत के संविधान के शिल्पी होने के साथ-साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत के शिल्पी के रूप में उन्होंने जो प्रेरणा दी है। आज इस प्रेरणा से प्रेरित होकर के डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। याद करिए 2015-16 में सपा ने अनुसूचित जाति के छात्रों की स्कॉलरशिप को रोक दिया था। 2017 में हम लोग आए तब स्कॉलरशिप दी गई।
इधर मुख्यमंत्री के आने से पहले मथुरा के विधायक पूरन प्रकाश ने जय भीम की जगह राधे-राधे बोला तो लोग भड़क गए। हंगामा करते हुए कुर्सियों से खड़े हो गए। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया।