🔹एडीएम पंकज कुमार ने फरियादियों की सुनी समस्याएं, जमीन विवाद में पीड़ित युवकों-महिला ने लगाई न्याय की गुहार
अतरौली (अलीगढ़)। अलीगढ़ जिले की अतरौली तहसील में गुरुवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एडीएम (अपर जिलाधिकारी) पंकज कुमार, एसडीएम सुमित सिंह और तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में तहसील सभागार में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं।
इस दौरान कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहीं:
• राजस्व विभाग — 18 शिकायतें
• पुलिस विभाग — 11 शिकायतें
• विद्युत विभाग — 7 शिकायतें
• विकास विभाग — 7 शिकायतें
• नगर पालिका — 3 शिकायतें
• सिंचाई विभाग — 2 शिकायतें
इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों के लिए संबंधित विभागों की टीमें गठित कर शीघ्र समाधान के निर्देश जारी किए गए।
समाधान दिवस के बाद पहुंचे दो पीड़ित युवक
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ग्राम डडार से दो युवक तहसील पहुंचे। टिंकू पुत्र रामदास (विकलांग) और अली हसन पुत्र अल्लाह नूर ने बताया कि खेत के चकरोड को लेकर ग्राम प्रधान से उनका पुराना विवाद चल रहा है।
इसी विवाद के चलते जब्बार पुत्र जान मोहम्मद के यहां हुई चोरी के झूठे मामले में उन्हें फंसाया गया। युवकों का आरोप है कि चौकी जिरौली धूमसिंह पुलिस ने उन्हें घर से उठाकर ले जाया, मारपीट की और ग्राम प्रधान ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगवा दिया।
दोनों पीड़ितों ने अधिकारियों से न्याय की अपील की है।
जमीन विवाद में महिला ने लगाई न्याय की गुहार
इसी दौरान ग्राम जिरौली आलमपुर, थाना दादों की रहने वाली शांति बेगम (पत्नी एजाज) ने भी तहसील में प्रार्थना पत्र दिया।
शांति बेगम ने बताया कि उनके पति की मृत्यु 11 वर्ष पहले हो चुकी है। उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। कुल 6 बीघा पैतृक जमीन है, जिसमें से 2 बीघा उनके हिस्से में आती है। लेकिन जब भी वे अपनी जमीन की मांग करती हैं, तो देवर और जेठ मारपीट करते हैं।
इस मामले में उन्होंने पहले भी उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तहसील में प्रार्थना पत्र देने पर अधिकारियों ने शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है
एडीएम पंकज कुमार ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।
रिपोर्ट- संजय भारद्वाज





