मथुरा। गोवर्धन की परिक्रमा देने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगलवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। यह घटना थाना मगोर्रा क्षेत्र के नगला अक्खा गांव के समीप रात करीब 11 बजे हुई, जब सड़क पर अचानक साँप आ जाने से ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रॉली पलट गई। हादसे में करीब 17 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें 15 महिलाएं शामिल हैं।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है और किसी की हालत गंभीर नहीं है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु आगरा जनपद के थाना किरावली क्षेत्र के गांव सलेमाबाद से ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए गोवर्धन परिक्रमा करने जा रहे थे। ट्रॉली में करीब 50 से अधिक महिलाएं एवं पुरुष सवार थे।

सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से कई श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

Exit mobile version