आगरा। एफएसडीए ने दिवाली पर आगरा किला स्टेशन के बाहर से 1540 किलो नकली खोया पकड़ा है। यह जयपुर भेजा जा रहा था। इसे नष्ट करा दिया गया है।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर त्योहार पर खाद्य सामग्री चेक करने के लिए विशेष अभियान चल रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी की आगरा किला स्टेशन के बाहर खोआ रखा है और इसे पार्सल के जरिये जयपुर भेजा जा रहा है।
मौके पर पहुंच कर देखा कि स्टेशन के बाहर एक स्थान पर कई पैकेट रखे हुए थे। खोलकर देखा तो इसमें खोआ भरा हुआ था। नकली प्रतीत होने पर उसे बुलडोजर मंगवाकर गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि शनिवार को टीम ने धिमश्री चौराहा स्थित श्रीराम मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। यहां बर्फी घटिया और मिलावटी प्रतीत होने पर नष्ट करा दिया है।