फतेहाबाद/आगरा: थाना डौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह हादसा वाजिदपुर से पैंतीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर नगला विसे कोल्ड के नजदीक हुआ, जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवम पुत्र रविंद्र, उम्र करीब 13 वर्ष, निवासी नगला विसे के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवम किसी काम से बाइक लेकर जा रहा था। रास्ते में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। गिरने के दौरान उसे सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस द्वारा घायल शिवम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र के लोग गमगीन हैं।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





