मथुरा।जनपद मथुरा में मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मंडलायुक्त श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्देव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राया में नवनिर्मित मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट (MNCU) का उद्घाटन किया।



इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि “इस प्रकार की यूनिट्स मातृ एवं नवजात मृत्यु दर को कम करने में अहम भूमिका निभाती हैं और हमारे स्वास्थ्य तंत्र को अधिक सक्षम एवं संवेदनशील बनाती हैं।” वहीं जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह ने इसे जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा कि “सहयोगात्मक प्रयासों से सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा दी जा सकती है।”

मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट उन माताओं और नवजात शिशुओं के लिए समर्पित है जिन्हें प्रसव के बाद विशेष चिकित्सीय देखभाल की आवश्यकता होती है। इन यूनिट्स में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, जीवन रक्षक उपकरण और विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जच्चा-बच्चा की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।

इस परियोजना में कम्युनिटी एंपावरमेंट लैब ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया है, जिसमें स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण, प्रोटोकॉल विकास, यूनिट डिज़ाइन और संचालन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में संस्था की अहम भूमिका रही।

मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा से तीनों यूनिट्स में भर्ती मरीजों की जानकारी ली। जानकारी दी गई कि बल्देव CHC में चार नवप्रसूताएं भर्ती हैं, जबकि राया PHC और सोनई CHC में एक-एक महिला को प्रसव पूर्व देखभाल हेतु भर्ती किया गया है।

यह पहल उत्तर प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की राज्यव्यापी रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री पंकज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी महावन कंचन, बल्देव CHC के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिजेंद्र सिंह सिसोदिया, राया PHC प्रभारी डॉ. शशि शेखर, सोनई CHC के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्री वैभव गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रशांत कुमार सुचारी, तहसीलदार सदर श्री सौरभ यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version