मथुरा। उत्तर प्रदेश पंचायत राज ग्राम सफाई कर्मचारी संघ के द्विवर्षीय चुनाव की प्रक्रिया जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। 14 फरवरी 2026 को विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जबकि 22 फरवरी 2026 को मतदान की तिथि निर्धारित की गई थी।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री, कोषाध्यक्ष, जिला संगठन मंत्री और जिला पर्यवेक्षक सहित पांच पदों पर प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। हालांकि किसी भी पद पर एक से अधिक उम्मीदवार सामने नहीं आए, जिसके चलते सभी पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

निर्विरोध घोषित पदाधिकारी इस प्रकार हैं:

जिला अध्यक्ष: सत्य प्रकाश जाटव

जिला मंत्री: जगत सिंह

कोषाध्यक्ष: हरि नारायण

जिला संगठन मंत्री: चरण सिंह सैनी

जिला पर्यवेक्षक: यदवेश


चुनाव अधिकारी द्वारा सभी को औपचारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

पदाधिकारियों के निर्विरोध चुने जाने पर संघ के सदस्यों और संबंधित संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जगबीर चौधरी (ब्लॉक अध्यक्ष), कृष्णवीर (ब्लॉक अध्यक्ष राया), धर्मेंद्र (ब्लॉक मंत्री छाता), राजाराम, वीर सिंह, बिंदेश कुमार, चतुर्थ श्रेणी जिलाध्यक्ष कृष्णवीर, सुनील सैनी (पूर्व संगठन मंत्री), फेरो खान (पूर्व संप्रवेक्षक मंत्री), राजवीर पहलवान (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष) सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के हित में निरंतर कार्य करने तथा ग्राम सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आश्वासन दिया।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version