मथुरा: फरह के गांव पीलुआ निवासी बच्चन अपने परिवार सहित पिछले दो साल से गोवर्धन में रह रहे थे। उनका एक मकान गांव पीलुआ में भी है। रविवार शाम उनके दोनों पुत्र तिलक सिंह और विनोद अपने गांव के मकान पीलुआ सादिकपुर में आए थे।
मकान में बिजली नहीं थी तो उन्होंने गांव के प्रधान को फोन किया। फोन पर बात करते समय उनकी आपस में जमकर गाली-गलौज हो गई। एक दूसरे को देखने की बात की जाने लगी। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने कुछ लोगों को तिलक सिंह और विनोद के पास मारपीट करने भेजा। इस दौरान तिलक सिंह और विनोद भाग निकले।
धर्मपुरा नहर के पास दोनो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में प्रधान पक्ष के लोगों ने दोनों को सरियों से जमकर पीटा। जिससे तिलक सिंह की मृत्यु हो गयी और विनोद को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी भी माैत हो गयी।
सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि रविवार की रात को सूचना मिली कि गांव सादिकपुर में दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंच गए। मृतकों के पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान और उनके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो रहा है। वहीं दूसरी ओर घटना को दुघर्टना के रूप में भी देखा जा रहा है। दोनों लोगों की सडक दुर्घटना में माैत भी हो सकती हैं। मामले की जांच की जा रही है।
- रिपोर्ट – राहुल गौड़