फिरोजाबाद: जिले के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में बुधवार रात एक बारात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर घराती और बराती आपस में भिड़ गए। काफी देर तक चले विवाद के बाद बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई। कन्या पक्ष का कहना है कि बरातियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वे वापस चले गए।
थाना टूंडला के नगला गोला निवासी रामबाबू लोधी के पुत्र अमन की शादी मक्खनपुर के नगला मवासी में तय हुई थी। बारात संतोषी गेस्ट हाउस पहुंची और सभी रस्में पूरी होने के बाद बरात चढ़ाई गई। इस दौरान डीजे पर एक युवती नाच रही थी, तभी एक युवक ने उसे रुपये दिए।
इसे छेड़छाड़ मानते हुए कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। पीटने वाला युवक दूल्हे का भांजा था, जिससे विवाद और बढ़ गया। घायल युवक को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग 6 लोगों को हिरासत में ले लिया।
अपने रिश्तेदार को घायल देखकर दूल्हा भी नाराज हो गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई और गेस्ट हाउस में सन्नाटा छा गया। बारातियों के लिए बना खाना रखा रह गया और शादी की रस्में अधूरी रह गईं। थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है, लेकिन कोई शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।